चौबेपुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार ने विश्राम कर रहे कांवड़ियों को कुचला, एक की मौत, तीन गंभीर
चौबेपुर, वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहे कांवड़ियों के जत्थे को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे विश्राम के दौरान टक्कर मार दी। हादसे में चार कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। विश्राम के दौरान कार ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, कांवड़ियों का जत्था कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहा था। सोमवार सुबह चौबेपुर स्थित एक निजी अस्पताल के पास कांवड़िए सड़क किनारे बैठकर कुछ देर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गई और चार कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी घायल सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अस्पताल में एक कांवड़िए की मौत घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने विनीत तिवारी (25), पुत्र विनोद तिवारी, निवासी काल भैरव, वाराणसी को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों का इलाज जारी हादसे में आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर घायल हुए हैं। डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। गंभीर स्थिति को देखते हुए कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच एसीपी सारनाथ ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। हादसे में एक श्रद्धालु की मृत्यु हुई है, जबकि तीन घायलों का उपचार कराया जा रहा है। दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?