पूर्वांचल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, बिजली विभाग ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

वाराणसी। पूर्वांचल में 26 सितंबर को खराब मौसम को लेकर बिजली विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वाराणसी की ओर से 25 सितंबर की रात जारी सूचना के अनुसार छत्तीसगढ़ से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा डिप्रेशन रात करीब 11 बजे सिंगरौली और सोनभद्र सीमा के पास पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके बाद इसके प्रयागराज के पश्चिमी हिस्से से होते हुए लखनऊ की ओर बढ़ने का अनुमान है। मौसम की स्थिति को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग ने जोखिम के आधार पर जिलों को तीन श्रेणियों में बांटा है। कैटेगरी-1 में सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर और प्रतापगढ़ को रखा गया है। इन जिलों में आज रात से 26 सितंबर दोपहर तक सबसे अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश हैं। कैटेगरी-2 में महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती और संत कबीर नगर शामिल हैं। यहां 26 सितंबर शाम से 27 सितंबर सुबह तक भारी बारिश का जोखिम बताया गया है। वहीं कैटेगरी-3 में वाराणसी, चंदौली, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया को रखा गया है। बिजली विभाग ने तेज हवा, पेड़ या बिजली के खंभे गिरने, तार टूटने अथवा स्पार्किंग की स्थिति में प्रभावित 11 केवी फीडर को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि पूरे जिले की बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी, बल्कि केवल प्रभावित फीडर को जरूरत के अनुसार बंद किया जाएगा। विभाग ने बिजली बहाल करने से पहले पूरी लाइन की जांच करने, टूटे कंडक्टर, झुके खंभों और पेड़ों की शाखाओं को हटाने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल, वॉटर वर्क्स और अन्य आवश्यक सेवाओं वाले फीडरों को केवल अंतिम विकल्प के रूप में बंद करने और प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने को कहा गया है। इसके अलावा बिजली विभाग की टीमों को अतिरिक्त खंभे, कंडक्टर, इंसुलेटर, ट्रांसफार्मर, आरी, कुल्हाड़ी और अन्य जरूरी उपकरण पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि तेज बारिश या आंधी के दौरान गिरे हुए बिजली के तारों को न छुएं और ऐसी स्थिति की सूचना 1912 पर दें।

Sep 25, 2026 - 23:20
 0  35
पूर्वांचल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, बिजली विभाग ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow